आदित्यपुर: उत्कल किआ शोरूम में अचानक लगी आग, करीब 3 लाख रुपये के नुकसान की आशंका

Spread the love

आदित्यपुर। आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग स्थित उत्कल किआ शोरूम में रविवार शाम अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शोरूम के शौचालय में एसी के पाइप के पास शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

आग की जानकारी मिलते ही शोरूम के कर्मचारियों ने तत्काल फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। कर्मचारियों और दमकलकर्मियों की तत्परता से आग को शोरूम के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना में शोरूम के कुछ सामान और उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 3 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन जांच और निरीक्षण के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग पर समय रहते काबू पाने के कारण स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।