आदित्यपुर: औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कोल्हान-कम-टायो लेबर यूनियन ने आदित्यपुर में प्रदर्शन किया। यूनियन अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अरविंद सिंह के नेतृत्व में खरकई पुल से मानव श्रृंखला बनाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए। इसके बाद गम्हरिया स्थित घोड़ाबाबा मंदिर परिसर में सभा आयोजित की गई।


सभा को संबोधित करते हुए अरविंद सिंह ने कहा कि आंदोलन किसी उद्योग या प्रबंधन के खिलाफ नहीं है। उनके अनुसार उद्योगों की मजबूती के साथ मजदूरों की सुरक्षा, सम्मान और आवश्यक सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उद्योगों की प्रगति में मजदूरों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उनके अधिकारों और सुविधाओं को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
अरविंद सिंह ने दावा किया कि पहले कई स्थानों पर आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्ट में काम होता था, लेकिन अब कई जगहों पर 12 घंटे की ड्यूटी कराई जा रही है। उन्होंने करीब 20-25 फैक्ट्रियों के सर्वे का हवाला देते हुए मजदूरों के कम वेतन और 10-12 घंटे काम करने की बात कही। कुछ कार्यस्थलों पर बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने का भी मुद्दा उठाया।
उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए श्रमिक सुरक्षा को लेकर गंभीरता बरतने की अपील की। सभा में शैलेश पांडेय, केशव मिश्रा, शशि मिश्रा, ओम प्रकाश मिश्रा और अजय कुमार शर्मा समेत अन्य श्रम नेताओं ने भी अपनी बात रखी। कार्यक्रम का संचालन कुमार बसंत ने किया।

