आदित्यपुर पुलिस की ड्रग्स कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई, ₹7 लाख नकद जब्त, एक गिरफ्तार

Spread the love

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोमवार को आदित्यपुर थाना पुलिस ने ड्रग्स कारोबारियों और फरार अपराधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। तड़के शुरू हुई इस विशेष छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब ₹7 लाख नकद बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

अभियान के तहत सुबह से ही पुलिस ने राम मड़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती, इमली चौक समेत कई संवेदनशील इलाकों में सघन छापेमारी की। इस दौरान ड्रग्स कारोबार से जुड़े संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली गई। इसके अलावा पार्कों, चौक-चौराहों तथा देसी और विदेशी शराब दुकानों के आसपास बाइक गश्ती अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बरामद नकदी के स्रोत और उसके ड्रग्स कारोबार से संबंधों की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी, फरार अपराधियों और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने और युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए पुलिस सख्त कार्रवाई करती रहेगी।