महुआडांड़ में मशाल जुलूस और बाजार बंद पर प्रशासन की रोक, एसडीओ ने अनुमति देने से किया इनकार

Spread the love

महुआडांड़: नेतरहाट पंचायत के मुखिया रामबिशुन नगेसिया के साथ कथित मारपीट के विरोध में प्रस्तावित मशाल जुलूस और बाजार बंद कार्यक्रम पर प्रशासन ने रोक लगा दी है। महुआडांड़ के अनुमंडल दंडाधिकारी (एसडीओ) ने संशोधित आदेश जारी करते हुए दोनों कार्यक्रमों की अनुमति देने से स्पष्ट इनकार कर दिया है।

मुखिया संघ, ग्राम प्रधान संघ, महुआडांड़ एवं छेछाड़ी आदिवासी समाज द्वारा प्रशासन को सूचना दी गई थी कि 28 जून 2026, रविवार को शाम 5:00 बजे से 6:30 बजे तक शहीद चौक से शास्त्री चौक तक मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके अलावा 29 जून, सोमवार को सुबह 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक महुआडांड़ बाजार बंद रखने का भी आह्वान किया गया था।

एसडीओ द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि विभिन्न संगठनों ने मुखिया के साथ मारपीट की घटना का उल्लेख किया है, लेकिन अब तक इस संबंध में किसी भी थाना या सक्षम प्राधिकारी के समक्ष कोई लिखित शिकायत अथवा प्राथमिकी दर्ज होने की सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई है। ऐसी स्थिति में प्रस्तावित मशाल जुलूस एवं बाजार बंद की अनुमति प्रदान नहीं की जा सकती।

प्रशासन ने अपने पूर्व में जारी आदेश (ज्ञापांक-740, दिनांक 27 जून 2026) को भी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। संशोधित आदेश की प्रतिलिपि संबंधित संगठनों, थाना प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक लातेहार तथा उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना विधिवत शिकायत दर्ज कराए किसी भी प्रकार के प्रदर्शन या बंद की अनुमति नहीं दी जाएगी। फिलहाल महुआडांड़ में स्थिति सामान्य है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।