जमशेदपुर: टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित भविष्य निधि (पीएफ) भुगतान का मामला एक बार फिर सामने आया है। एटक (AITUC) के महासचिव रामजीवन कामत के नेतृत्व में यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीएफ आयुक्त से मुलाकात कर लंबित पीएफ दावों के शीघ्र निपटारे की मांग की।


एटक के अध्यक्ष अंबुज कुमार ठाकुर ने बताया कि जनवरी 2026 से सेवानिवृत्त हुए कई कर्मचारियों का पीएफ भुगतान अब तक नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के सात महीने बाद भी पीएफ की राशि नहीं मिलने से कर्मचारी आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। वर्षों तक कंपनी में सेवा देने के बाद समय पर पीएफ नहीं मिलने से कर्मचारियों में निराशा और असंतोष का माहौल है।
प्रतिनिधिमंडल ने पीएफ आयुक्त से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर सभी लंबित दावों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर पीएफ आयुक्त ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों के खातों के पुणे कार्यालय स्थानांतरित होने के बाद प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी और लंबित पीएफ दावों का जल्द निपटारा किया जाएगा।
यूनियन ने उम्मीद जताई है कि विभाग अपने आश्वासन के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करेगा, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनकी लंबित पीएफ राशि जल्द प्राप्त हो सकेगी।

