गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में सुरक्षा के लिए लाई गई एक महिला के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। दुग्धा गांव की महिला के साथ गुरुवार रात मारपीट की सूचना मिलने के बाद ओडी ऑफिसर एक कांस्टेबल के साथ उसे थाने लेकर आए थे। बताया जा रहा है कि सुरक्षा के मद्देनजर महिला को थाना परिसर के एक कमरे में रखकर बाहर से ताला लगा दिया गया था।


जानकारी के अनुसार, रात में थाना का वायरलेस ऑपरेटर घटना की जानकारी लेने के लिए कमरे का ताला खोलकर अंदर गया। महिला ने भूख लगने की बात कही, जिसके बाद ऑपरेटर उसे अपने कमरे में ले गया। बताया जाता है कि दोनों ने वहां खाना खाया और इसके बाद कमरे का दरवाजा अंदर से बंद हो गया।
शुक्रवार सुबह महिला अपने निर्धारित कमरे में नहीं मिली तो पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाश शुरू की। ऑपरेटर के कमरे का दरवाजा आवाज देने पर भी नहीं खुला, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। बताया जा रहा है कि महिला और ऑपरेटर अलग-अलग सोए मिले। इसके बाद महिला ने अपने साथ गलत व्यवहार होने का आरोप लगाया। हालांकि, आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
मामले की जानकारी मिलने पर एसपी मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर एसडीपीओ ने गम्हरिया थाना पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जेएलकेएम नेता प्रेम मार्डी ने महिला से बातचीत के बाद मामला वरीय अधिकारियों तक पहुंचाया।
एसपी ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि महिला ने अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

