बोकारो जिले में एक पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद मीडिया जगत में रोष फैल गया है। एक दैनिक अखबार से जुड़े पत्रकार युधिष्ठिर महतो ने चास-बोकारो में तैनात महिला एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट जया कुमारी पर पद के दुरुपयोग और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र निवासी पत्रकार मंगलवार को सुभाष चौक के पास मौजूद थे। उसी दौरान “एक्सक्यूटिव मजिस्ट्रेट, चास-बोकारो” लिखी सरकारी बोलेरो गाड़ी खराब हो गई थी, जिसे कुछ लोग धक्का देकर हटाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पत्रकार ने अपने मोबाइल से उस दृश्य की तस्वीर ले ली।
आरोप है कि फोटो खींचते ही वाहन में मौजूद महिला अधिकारी बाहर निकलीं और बिना कोई स्पष्टीकरण मांगे पत्रकार का कॉलर पकड़ लिया। पत्रकार का कहना है कि उनके साथ गाली-गलौज की गई और बाद में पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से उन्हें जबरन पिंड्राजोरा थाना ले जाया गया, जहां कुछ समय तक बैठाकर रखा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पत्रकार और मीडिया कर्मी थाना पहुंच गए। पत्रकार संगठनों ने महिला अधिकारी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

