मानगो के सिदो-कान्हू स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, छात्रों ने ली नशे से दूर रहने की शपथ

Spread the love

जमशेदपुर: मानगो के डिमना रोड स्थित सिदो-कान्हू स्कूल में गुरुवार को नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उलीडीह थाना और स्वाभिमान महिला कल्याण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। अभियान के दौरान छात्रों को नशे के दुष्प्रभाव, इससे होने वाले शारीरिक एवं सामाजिक नुकसान तथा इससे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वाभिमान महिला कल्याण की सचिव रीता शर्मा ने की। इस अवसर पर उलीडीह थाना प्रभारी, थाना के सब-इंस्पेक्टर विनोद सिंह, थाना शांति समिति के सदस्य, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। छात्रों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई और समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया। अंत में रीता शर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए पुलिस प्रशासन, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।