अर्का जैन यूनिवर्सिटी ने ट्रैफिक पुलिस को सौंपे 20 बैरियर, छात्रों ने खुद किए तैयार

Spread the love

जमशेदपुर/सरायकेला-खरसावां: गम्हरिया स्थित अर्का जैन यूनिवर्सिटी ने सामाजिक दायित्व का उदाहरण पेश करते हुए जिला ट्रैफिक पुलिस को 20 नए बैरियर सौंपे हैं। ये सभी बैरियर विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग एंड आईटी विभाग की वर्कशॉप में विद्यार्थियों द्वारा स्वयं डिजाइन और तैयार किए गए हैं।

बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम में विश्वविद्यालय प्रबंधन ने यह बैरियर स्थानीय ट्रैफिक पुलिस को औपचारिक रूप से सौंपे। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी से भी जोड़ना बताया गया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इन बैरियरों को आधुनिक तकनीक के आधार पर मजबूत और उपयोगी बनाया गया है, जिनका उपयोग जिले के विभिन्न ट्रैफिक नियंत्रण बिंदुओं पर किया जाएगा। इससे यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

इस पहल को सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की पहल पर शुरू किया गया बताया गया है। वहीं, स्थानीय पुलिस निरीक्षक राजू ने बैरियर प्राप्त करते हुए कहा कि इससे भीड़ नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन में काफी सहायता मिलेगी।

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि इन बैरियरों का उपयोग विशेष रूप से बाजार क्षेत्रों, स्कूलों और व्यस्त चौराहों पर किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक सुचारू हो सकेगी।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कई शिक्षक, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।