अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर डेमकाडीह में जागरूकता संगोष्ठी, मजदूरों और महिलाओं को योजनाओं की दी गई जानकारी

Spread the love

झारखंड: अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर डेमकाडीह ग्राम में बिदु चंदन ट्रस्ट द्वारा जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन
पलासबनी पंचायत के डेमकाडीह ग्राम में बिदु चंदन ट्रस्ट फॉर ट्राइबल सेल्फ एंपावरमेंट द्वारा अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर ग्रामीण खेतिहर मजदूरों एवं महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से एक प्रभावशाली संगोष्ठी एवं चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हकदर्शक संस्था के उपाध्यक्ष जतिन एवं राज्य संयोजक आमोल की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, विशेष रूप से असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, ई-श्रम कार्ड एवं लेबर कार्ड के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि इन योजनाओं का लाभ कैसे सरलता से प्राप्त किया जा सकता है। हकदर्शक संस्था द्वारा यह सभी सेवाएं ग्रामीणों को निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं।
इस अवसर पर जतिन जी ने बताया कि हकदर्शक के माध्यम से सरकारी एवं निजी क्षेत्र की लगभग 6000 से अधिक योजनाओं तक लोगों की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। कार्यक्रम में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए उन्हें रोजगार से जोड़ने के प्रयासों पर चर्चा की गई।
साथ ही, गांव के युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए झारखंड सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं राष्ट्रीय करियर सेवा के अंतर्गत उनका पंजीकरण भी किया गया, ताकि उन्हें शीघ्र रोजगार प्राप्त हो सके। कार्यक्रम में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और सभी ने इस पहल की सराहना की|