आदित्यपुर: जयपुर स्थित सामाजिक संस्था इनाया फाउंडेशन द्वारा आदित्यपुर के इमली चौक स्थित आदिवासी कल्याण समिति परिसर में बच्चों को यौन शोषण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बच्चों को समाज में बढ़ते यौन उत्पीड़न के मामलों, विशेषकर महिलाओं, किशोरियों और छोटी बच्चियों के साथ होने वाली घटनाओं के बारे में संवेदनशील और जानकारीपूर्ण तरीके से बताया गया। इस दौरान बच्चों को “गुड टच और बैड टच” जैसी महत्वपूर्ण बातें समझाई गईं, ताकि वे किसी भी संदिग्ध स्थिति को पहचान सकें और समय पर अपने अभिभावकों, शिक्षकों या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी दे सकें। संस्था ने बच्चों को अपने आसपास के लोगों में भी इस विषय पर जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे उपयोगी बताया। इस मौके पर रोमियो सैमवेल ने बताया कि संस्था सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न स्कूलों और सांस्कृतिक केंद्रों में भी इस तरह की जागरूकता मुहिम चला रही है, जिसका उद्देश्य बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना है।



