बहरागोड़ा: पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में रविवार सुबह एक युवक ने जमशोला पुल से सुवर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी। युवक की पहचान ओडिशा के चड़ुआ गांव के कुंभार टोला निवासी 30 वर्षीय रस बिहारी बेहरा के रूप में हुई है। पहचान उसकी बाइक के नंबर के आधार पर की गई। घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा, झाड़पोखरिया और पश्चिम बंगाल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। ओडिशा फायर सर्विस की रेस्क्यू टीम भी पहुंची और नदी में युवक की तलाश शुरू की।


जानकारी के अनुसार, रस बिहारी रविवार सुबह करीब 10 बजे बाइक संख्या OD-11-AM-1169 से जमशोला पहुंचा था। उसने बाइक पुल के किनारे खड़ी की और इसके बाद पुलिया की दीवार पर चढ़कर नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पहुंचे।
परिजनों के अनुसार, रस बिहारी शनिवार सुबह बाइक से घर से निकला था और पिछले कुछ दिनों से काफी परेशान था। हालांकि परेशानी की वजह परिवार को पता नहीं है।
स्थानीय लोगों ने जमशोला पुल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि पुल पर करीब तीन फीट ऊंची रेलिंग है, जिसे आसानी से पार किया जा सकता है।

