बारिश के बाद फिर क्षतिग्रस्त हुआ बनई नदी का डायवर्सन, ग्रामीणों ने स्थायी पुल निर्माण की उठाई मांग

Spread the love

खूंटी: खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर बनई नदी पर बनाया गया अस्थायी डायवर्सन एक बार फिर चिंता का कारण बन गया है। हाल ही में हुई हल्की बारिश के बाद डायवर्सन के कई हिस्सों में कटाव और सड़क की सतह उखड़ने के संकेत मिले हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश और नदी का जलस्तर बढ़ने पर डायवर्सन को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका है।

यह सड़क खूंटी, सिमडेगा और रांची को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री और मालवाहक वाहन गुजरते हैं। 19 जून 2025 को भारी बारिश के दौरान पुराना पुल बह गया था, जिसके बाद करीब 1.80 करोड़ रुपये की लागत से अस्थायी डायवर्सन बनाकर यातायात बहाल किया गया था। अब इसकी स्थिति पर फिर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए तकनीकी जांच की मांग की है। जेएलएम के जिला अध्यक्ष कुमार ब्रज किशोर ने निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह मार्ग फिर बंद हुआ तो यात्री और व्यापारिक गतिविधियां गंभीर रूप से प्रभावित होंगी।

सड़क निर्माण विभाग के अभियंता अमित कुमार ने बताया कि डायवर्सन की हाल ही में मरम्मत कराई गई है। उन्होंने कहा कि स्थायी पुल निर्माण के लिए करीब सात करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार किया जा चुका है और जल्द ही टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।