इस्लामाबाद : अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव को खत्म करने की दिशा में बड़ा कूटनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री Shehbaz Sharif ने दावा किया है कि दोनों देशों के बीच शांति समझौते का मसौदा तैयार हो चुका है और अगले 24 घंटों के भीतर इस पर इलेक्ट्रॉनिक हस्ताक्षर हो सकते हैं। उनके अनुसार, समझौते का अंतिम पाठ दोनों पक्षों की सहमति से तैयार किया गया है और इसके बाद अगले सप्ताह तकनीकी स्तर की बातचीत भी प्रस्तावित है।


हालांकि ईरान ने समझौते की संभावना से इनकार नहीं किया है, लेकिन हस्ताक्षर की समय-सीमा को लेकर सतर्क रुख अपनाया है। ईरानी विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि समझौते की दिशा में प्रगति हुई है, लेकिन अगले ही दिन हस्ताक्षर होने की बात की पुष्टि नहीं की जा सकती।
यदि यह समझौता अंतिम रूप लेता है तो पिछले कई महीनों से जारी संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जाएगा। इस घटनाक्रम पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इसका असर पूरे पश्चिम एशिया क्षेत्र की स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर पड़ सकता है.

