पटना : बिहार में दक्षता परीक्षा पास कर चुके विशिष्ट शिक्षकों के वेतन भुगतान को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीपीओ) कार्यालय ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि जिन शिक्षकों का PRAN नंबर आवंटित हो चुका है, उनका वेतन जल्द से जल्द शुरू किया जाए। इस प्रक्रिया को तेज करने के लिए सभी संबंधित प्रधानाचार्यों को आवश्यक दस्तावेज और अनुपस्थिति विवरणी समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।


डीपीओ कार्यालय ने सभी सरकारी, राजकीयकृत, बुनियादी, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजकर कहा है कि बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली 2023 के तहत नियुक्त और योगदान दे चुके शिक्षकों के वेतन भुगतान की प्रक्रिया में देरी न हो। जिन शिक्षकों ने दक्षता परीक्षा के तीसरे और चौथे चरण को पास कर लिया है, उनके भुगतान की कार्रवाई तुरंत शुरू करने को कहा गया है।
साथ ही निर्देश दिया गया है कि सभी प्रधानाचार्य निर्धारित प्रपत्र में PRAN नंबर सहित अनुपस्थिति विवरणी जल्द उपलब्ध कराएं, ताकि वेतन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा न आए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए, जिससे शिक्षकों को आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े.

