जमशेदपुर: शहर में स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला उलिडीह ओपी क्षेत्र का है, जहां दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला का पर्स छीन लिया। बदमाशों का पीछा करने के दौरान महिला का मोबाइल फोन सड़क पर गिर गया, जिसे बाद में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उठा लेने की आशंका जताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार, समतानगर रोड नंबर-15 निवासी भानु गोप शंकोसाई रोड नंबर-5 स्थित अपने एक परिचित से उधार रुपये लेकर घर लौट रही थीं। जैसे ही वह एनएच स्थित स्पंदन अस्पताल के समीप पहुंचीं, पीछे से बाइक पर सवार दो युवक आए और उनका पर्स छीनकर तेज रफ्तार से फरार हो गए।
घटना के बाद महिला ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का काफी दूर तक पीछा किया। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन सड़क पर गिर गया। जब वह वापस उसी स्थान पर पहुंचीं तो मोबाइल वहां नहीं मिला। आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे उठा लिया।
पीड़िता ने बताया कि पर्स में करीब 10 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, बैंक से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा अन्य जरूरी कागजात रखे हुए थे, जिन्हें बदमाश अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद उलिडीह ओपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बाइक सवार बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

