जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान चलाने की घोषणा की है। मंगलवार को साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान की रूपरेखा साझा की गई। यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक राष्ट्रीय, राज्य, जिला, मंडल एवं ग्राम स्तर पर संचालित किया जाएगा।


जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समानता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, समरसता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के पथप्रदर्शक थे और उनका ‘बेगमपुरा’ का दर्शन भेदभाव रहित एवं समानता पर आधारित समाज की परिकल्पना प्रस्तुत करता है।
अभियान के तहत 29 जुलाई को समरसता दीपोत्सव, कलश वंदन, संत संपर्क अभियान, छात्रावास संपर्क अभियान, समरसता संवाद, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि यह अभियान सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक जनआंदोलन साबित होगा। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

