बोकारो: बोकारो में लंबे समय से जलजमाव की समस्या अब राजनीतिक विरोध का मुद्दा बन गई है। नयामोड़ से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क पर जमा पानी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सड़क पर भरे पानी के बीच धान के पौधे रोपकर BSL प्रबंधन का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित किया।


भाजपा माराफारी मंडल के नेतृत्व में यह प्रदर्शन दुग्गल गेट के पास CEZ और ओवरब्रिज के समीप किया गया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क का बड़ा हिस्सा पानी में डूब जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है।
यह सड़क बोकारो स्टील प्लांट से जुड़ी महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है। यहां से रोजाना हजारों मजदूर, कर्मचारी, राहगीर और वाहन गुजरते हैं। भाजपा माराफारी मंडल अध्यक्ष बैद्यनाथ प्रसाद लल्लू ने BSL प्रबंधन पर समस्या की अनदेखी का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने तत्काल मोटर पंप से पानी निकालने, सड़क की मरम्मत और स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि जरूरत पड़ने पर मामला सांसद के समक्ष भी उठाया जाएगा।

