चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। CBI की विशेष जांच टीम (SIT) ने मामले के कथित शूटर मन्नू सिंह उर्फ ज्ञानेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान सामने आया कि उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी मन्नू सिंह ने हत्या की वारदात को अंजाम देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक पुराने मामले में अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद CBI ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे अपने कब्जे में लिया और आगे की पूछताछ के लिए कोलकाता ले गई। 6 मई 2026 को हुई चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में अब तक 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। CBI हत्या की साजिश, फंडिंग और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।



