चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में CBI ने मन्नू सिंह को कोलकाता की विशेष अदालत में किया पेश, रिमांड की मांग

Spread the love

Central Bureau of Investigation ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी मन्नू सिंह को कोलकाता की विशेष अदालत में पेश किया। जांच एजेंसी ने ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए कोलकाता लाया था। विशेष जांच दल गुरुवार देर रात मन्नू सिंह को कोलकाता लेकर पहुंचा और शुक्रवार को अदालत में पेशी के दौरान CBI ने आरोपी से पुलिस रिमांड पर पूछताछ की अनुमति मांगी। फिलहाल अदालत ने रिमांड याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।

जानकारी के अनुसार, मन्नू सिंह ने गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से बलिया में दर्ज एक पुराने मामले में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद CBI ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे अपने कब्जे में लिया और 5 जून को कोलकाता लेकर आई। जांच एजेंसी अब आरोपी से हत्या की साजिश, अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों के बारे में पूछताछ करना चाहती है। चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच कर रही CBI के अनुसार, इस मामले में अब तक यह दसवीं गिरफ्तारी है। एजेंसी हत्या के पीछे के पूरे नेटवर्क और कथित साजिश की गहन जांच में जुटी हुई है।