झारखंड के राष्ट्रीय राजमार्गों पर केंद्र सख्त, नितिन गडकरी ने निर्माण, रखरखाव और सड़क सुरक्षा में लापरवाही पर दी चेतावनी

Spread the love

रांची: झारखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को राज्य के 3,245 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को निर्माण, रखरखाव और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। बैठक में अधूरी परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने और यात्रियों को सुरक्षित एवं बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और विभिन्न निर्माण एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति तथा रखरखाव व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मीडिया, सोशल मीडिया और आम लोगों से प्राप्त शिकायतों एवं फीडबैक को भी समीक्षा का आधार बनाया।

मानसून के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों पर जलजमाव, सड़क क्षति और गड्ढों जैसी समस्याओं से निपटने के लिए पहले से प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। केंद्रीय मंत्री ने नियमित निरीक्षण, त्वरित मरम्मत और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया ताकि बरसात के मौसम में यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

नितिन गडकरी ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क राज्य की अर्थव्यवस्था, व्यापार और औद्योगिक विकास को नई गति देता है। उन्होंने सभी एजेंसियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा आधुनिक तकनीक और गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी बल दिया गया। बैठक के अंत में झारखंड की लंबित सड़क परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कर लोगों को सुरक्षित, टिकाऊ और आधुनिक राजमार्ग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।