चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने चक्रधरपुर स्थित प्रसिद्ध रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दुकान से मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित करीब 44.64 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई थी।


दुकान संचालक आशीष पड़िया की लिखित शिकायत के आधार पर 25 जुलाई 2026 को चक्रधरपुर थाना में कांड संख्या 84/2026 दर्ज किया गया था। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS)-2023 की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात चोरों के विरुद्ध दर्ज किया गया।
जांच में पुलिस को पता चला कि 23 और 24 जुलाई की रात आरोपी दुकान के पीछे स्थित वेंटिलेटर को तोड़कर पेड़ के सहारे अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त किया, डीवीआर निकाल लिया, शटर और ग्रिल तोड़कर बड़ी संख्या में नए मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर फरार हो गए।
तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि आरोपी एक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकते हैं, जिसकी गतिविधियां अन्य राज्यों तक फैली हो सकती हैं। पुलिस ने आरोपियों से एक दस्तावेज भी बरामद किया है, जिसमें कथित चोरी के सामान का विवरण दर्ज है। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों तथा चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

