चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष अभियान चलाया। जिला पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर सदर एवं मुफस्सिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के कई संवेदनशील क्षेत्रों में छापेमारी कर कार्रवाई की। अचानक शुरू हुए इस अभियान से खुलेआम शराब पीने वालों में हड़कंप मच गया। पुलिस की कार्रवाई को देखकर कई लोग मौके से भाग निकले, जबकि कई लोगों को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया।


अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बस स्टैंड, मंगलहाट, मधु बाजार, जेवियर नगर, एसपीजी मिशन कॉम्प्लेक्स, मुगलसराय, गुटुसाई और खपरासाई समेत कई इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों पर शराब का सेवन कर रहे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया गया। सभी से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। सदर थाना प्रभारी हरिलाल महतो ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना कानून का उल्लंघन है और ऐसे मामलों पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा नशे से जुड़े अपराधों पर नियंत्रण के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों की मर्यादा बनाए रखने और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

