मॉर्निंग वॉक के दौरान महिला से सोने की चेन की छिनतई, बाइक सवार बदमाश फरार

Spread the love

सरायकेला (संजीव मेहता): आदित्यपुर कॉलोनी में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार सुबह करीब 6:40 बजे ओल्ड एम टाइप दुर्गा पूजा मैदान के कोने के पास हुई।

जानकारी के अनुसार, संवेदक रामेश्वर शर्मा की पत्नी अर्चना शर्मा सुबह टहलने निकली थीं, तभी बाइक सवार झपट्टा मार युवकों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।

घटना के संबंध में आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल के दिनों में आदित्यपुर क्षेत्र में झपट्टा मार गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जो सुनसान इलाकों को निशाना बनाकर खासकर महिलाओं और युवतियों को टारगेट कर रहा है। लोगों का कहना है कि शाम के समय पुलिस पेट्रोलिंग तो होती है, लेकिन सुबह के समय गश्ती में कमी का फायदा अपराधी उठा रहे हैं।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी और ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।