चांडिल में कोयले से लदी मालगाड़ी में लगी आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Spread the love

चांडिल: सोमवार रात दक्षिण पूर्व रेलवे की कोयले से लदी एक मालगाड़ी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मालगाड़ी सरडीहा से आसनसोल जा रही थी। कोंद्रा के पास ट्रेन के एक हिस्से से धुआं और आग दिखाई देने पर चालक ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए मालगाड़ी को चांडिल जंक्शन ले जाकर रोक दिया।

चांडिल स्टेशन पर रोकी गई मालगाड़ी

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 8:30 बजे कोंद्रा के पास मालगाड़ी की एक बोगी में लदे कोयले में आग दिखाई दी। स्थिति को देखते हुए चालक ने बिना देर किए ट्रेन को चांडिल जंक्शन के ट्रैक नंबर-1 पर रोक दिया।

ट्रेन रुकते ही रेलवे अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। स्टेशन मास्टर ने तत्काल चांडिल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और बोगी में लदे कोयले पर पानी की बौछार शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई।

समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से इसे दूसरी बोगियों तक फैलने से रोक लिया गया।

कुछ देर प्रभावित रहा रेल परिचालन

मालगाड़ी में आग लगने की सूचना के बाद चांडिल स्टेशन परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

आग बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद मालगाड़ी को आगे रवाना कर दिया गया। इसके बाद करीब एक घंटे के भीतर रेल परिचालन भी सामान्य हो गया।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मालगाड़ी के कोयले में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। रेलवे स्तर पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

चालक की तत्परता और चांडिल फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।