Saraikela: अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस (मई दिवस) के अवसर पर आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में इंडस्ट्रियल मजदूर यूनियन (CITU) द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान सूरज मोड़ और टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग को यूनियन के लाल झंडों से पाट दिया गया. मजदूरों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और औद्योगिक क्षेत्र में विशाल बाइक जुलूस निकालकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया. यूनियन द्वारा जेनिथ फोर्ज और प्रभात कारखाना के गेट पर झंडोत्तोलन किया गया, जिसके बाद एक सभा का आयोजन हुआ. सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष मंटू मिश्रा ने मई दिवस के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला. उन्होंने वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आज भी मजदूरों से 8 घंटे से अधिक काम लिया जा रहा है, लेकिन उन्हें न्यूनतम वेतन, ओवरटाइम और सम्मानजनक बोनस से वंचित रखा जा रहा है. उन्होंने विशेष रूप से ठेका मजदूरों के हो रहे भयंकर शोषण का मुद्दा उठाया. कार्यक्रम के अंत में महासचिव विजय कांत लाल दास के नेतृत्व में मजदूरों ने सदस्यता बढ़ाने और अधिकारों के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया.
इस सभा में मुख्य रूप से मंटू मिश्रा, गिरीश कुमार सिन्हा, मनसा नायक, अधिवक्ता राजीव सिंह, अस्पश्र मिश्रा, सर्जन महतो, फागु महतो, शंकर साहू, रमेश महतो, अनिल दुबे, शंकर नायक, अनिल महतो और रवि शंकर सहित भारी संख्या में श्रमिक उपस्थित थे.



