काशी पहुंचकर सीएम योगी ने टेका मत्था, विशेष पूजा-अर्चना से भक्तों में उत्साह

Spread the love

वाराणसी :उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी पहुंचकर बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ धाम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिरों में दर्शन कर देश और प्रदेश की उन्नति, लोककल्याण, सुख-समृद्धि तथा जनहित की कामना की।

वाराणसी में विभिन्न कार्यक्रमों और बैठकों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा और आरती की। इसके बाद वह श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे और गर्भगृह में प्रवेश कर षोडशोपचार पूजन किया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया।

दर्शन-पूजन के दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, नीलकंठ तिवारी, अवधेश सिंह और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए सभी के सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।