रांची: भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रस्तावित जेपीएससी घेराव को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा के आंदोलन को राजनीतिक पाखंड बताते हुए कहा कि पार्टी युवाओं के मुद्दों पर केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।


राकेश सिन्हा ने कहा कि लंबे समय से केंद्र की सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी स्थिति में झारखंड के युवाओं के नाम पर आंदोलन करने का भाजपा के पास कोई नैतिक आधार नहीं है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि नीट (NEET) और यूजीसी-नेट (UGC-NET) जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं ने करोड़ों अभ्यर्थियों के भविष्य को प्रभावित किया। उनका आरोप है कि जब छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे, तब उनकी बात सुनने के बजाय उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की गई। अब वही भाजपा छात्रों के प्रति सहानुभूति दिखाने का प्रयास कर रही है।
राकेश सिन्हा ने कहा कि झारखंड की गठबंधन सरकार पारदर्शी और समयबद्ध नियुक्ति प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि वह पहले केंद्र सरकार में वर्षों से खाली पड़े लाखों पदों पर भर्ती को लेकर जवाब दे।
उन्होंने दावा किया कि झारखंड के युवा भाजपा की राजनीति को समझ चुके हैं। कांग्रेस निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी।

