Seraikela के दुगनी स्थित 134th Battalion CRPF द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकारियों और जवानों ने विभिन्न प्रजातियों के 500 से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया। बटालियन द्वारा पांच अलग-अलग स्थानों पर आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में जवानों ने भाग लिया तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।


कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनका संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करते हैं। अधिकारियों ने लोगों से प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। जवानों ने भविष्य में भी जन-जागरूकता अभियान चलाकर प्रकृति संरक्षण के प्रति लोगों को प्रेरित करने का संकल्प लिया।

