कपाली में दिनदहाड़े डेढ़ लाख की लूट, माइक्रो फाइनेंस कर्मी पर फायरिंग कर फरार हुए बदमाश

Spread the love

Saraikela: जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट की बड़ी घटना घटी है. जिससे इलाके में दहशत फैल गई है. घटना डैमडूबी क्षेत्र की है. जहां अपराधियों ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एक कर्मी से करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए हैं. घटना के दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा- तफरी मच गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 3:50 बजे की है. माइक्रो फाइनेंस कंपनी का कर्मी क्षेत्र में कलेक्शन कर लौट रहा था. इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उसे रोक लिया और हथियार के बल पर उसके पास मौजूद नकदी से भरा बैग छीन लिया. बताया जा रहा है कि जब कर्मी ने विरोध करने की कोशिश की तो अपराधियों ने एक राउंड फायरिंग कर दी. गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग सहम गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक से तेजी से फरार हो गए. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, वहीं घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कपाली और आसपास के इलाकों में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. दिनदहाड़े फायरिंग कर लूट की घटना को अंजाम देना यह दर्शाता है कि अपराधियों में पुलिस का भय कम होता जा रहा है. लोगों ने क्षेत्र में नियमित गश्ती और सख्त कार्रवाई की मांग की है.