सरायकेला: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने शनिवार को सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के गम्हरिया एवं आदित्यपुर शहरी क्षेत्र में आयोजित विशेष शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


विशेष शिविर उन मतदाताओं की सुविधा के लिए आयोजित किए गए, जिनके घर-घर सत्यापन के दौरान बीएलओ को कोई सदस्य नहीं मिला था। शिविरों में गणना प्रपत्र (Enumeration Form) का वितरण, भरे हुए प्रपत्रों का संग्रहण, डिजिटाइजेशन तथा ASDD (Absent, Shifted, Dead and Duplicate) सूची तैयार करने का कार्य किया गया। प्रशासन ने बताया कि ऐसे मतदाता, जिन्हें अब तक प्रपत्र नहीं मिला है या जिन्होंने जमा नहीं किया है, उनके लिए 20 जुलाई को भी सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचे मतदाताओं से बातचीत कर गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया की जानकारी ली और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य समय-सीमा के भीतर पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और त्रुटिरहित ढंग से पूरे किए जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने संबंधित बीएलओ या बीएलओ सुपरवाइजर से संपर्क करें अथवा 20 जुलाई को आयोजित विशेष शिविर में पहुंचकर गणना प्रपत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करें। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक आयोजित होगी, जिसमें ASDD सूची का अंतिम सत्यापन किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

