पटना : बिहार में सड़क और बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति मिल रही है। राज्य सरकार गंगा नदी के किनारे तीन नए ग्रीनफील्ड हाईवे कॉरिडोर विकसित करने की योजना पर काम कर रही है, जिससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इन परियोजनाओं में विश्वामित्र पथ, गंगा-अंबिका पथ और नारायणी पथ शामिल हैं, जो प्रमुख जिलों को जोड़ते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएंगे।
इन प्रस्तावित कॉरिडोरों का उद्देश्य न केवल यात्रा को आसान बनाना है, बल्कि व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देना है। ये सड़कें पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित की जाएंगी और इनके जरिए गंगा किनारे बसे इलाकों में तेज और आधुनिक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी।


सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से राज्य में औद्योगिक और सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी। साथ ही पटना सहित कई शहरों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को तेज, सुरक्षित और सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा.

