उड़ान भरते ही आसमान से बरसी तबाही, अमेरिकी B-52 बॉम्बर क्रैश में 8 लोगों की मौत

Spread the love

कैलिफोर्निया : अमेरिकी वायुसेना का B-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस बॉम्बर विमान सोमवार को कैलिफोर्निया के एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद विमान में भीषण आग लग गई और उसमें सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार विमान नियमित परीक्षण मिशन पर था और रडार आधुनिकीकरण कार्यक्रम से जुड़ी उड़ान का हिस्सा था।

वायुसेना अधिकारियों ने बताया कि विमान में सैन्यकर्मी, सरकारी कर्मचारी और ठेकेदार शामिल थे। दुर्घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है और इसकी विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद एयर बेस पर कुछ समय के लिए परिचालन भी प्रभावित रहा। मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है क्योंकि उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

B-52 अमेरिकी वायुसेना के सबसे पुराने और महत्वपूर्ण रणनीतिक बॉम्बरों में गिना जाता है, जो परमाणु और पारंपरिक दोनों तरह के हथियार ले जाने में सक्षम है। दुर्घटना के बाद मलबे वाले क्षेत्र को सील कर दिया गया है और जांच एजेंसियां तकनीकी कारणों की पड़ताल कर रही हैं।