रांची के सभी मतदान केंद्रों पर आज जारी होगी प्रारूप मतदाता सूची, मतदाताओं से सत्यापन की अपील

Spread the love

रांची: भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत आज रांची जिले के सभी मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस दौरान प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे और मतदाताओं को सूची देखने तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में सहायता करेंगे।

जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने-अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, आयु, लिंग और अन्य विवरणों का सत्यापन अवश्य करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने से पहले समय रहते दावा या आपत्ति दर्ज कर उसे सुधरवाया जा सकता है।

इसके साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर ASDD (Absent, Shifted, Dead and Duplicate) यानी अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भी प्रदर्शित की जाएगी, ताकि मतदाता उसकी भी जांच कर सकें।

रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे मतदान केंद्र पहुंचकर अपने विवरण का सत्यापन करें और आवश्यकता होने पर समय पर दावा या आपत्ति दर्ज कराएं।