दुमका: जिले में युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नगर थाना क्षेत्र के दुधानी की रहने वाली रीना कुमारी, जो कई दिनों से लापता थी, उसका शव बाद में मसानजोर डैम के पास बरामद हुआ था। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।


प्रारंभिक जांच के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है। रिपोर्ट में युवती के शरीर और माथे पर चोट के कई निशान पाए गए, जिससे संकेत मिला कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में पानी में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में पता चला कि मृतका का संबंध देवघर जिले के सारठ निवासी केतन मंडल से था। घटना वाले दिन दोनों की लोकेशन मसानजोर डैम क्षेत्र में एक साथ पाई गई, जिससे संदेह और गहरा गया।
लगातार तीन महीने तक चली जांच के बाद पुलिस ने आरोपी केतन मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध था और विवाह के लिए दबाव बनाए जाने से नाराज होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच के बाद सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

