सरायकेला में अवैध शराब कारोबार पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन चुलाई भट्टियां ध्वस्त

Spread the love

सरायकेला: उपायुक्त के निर्देश पर उत्पाद विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नीमडीह थाना क्षेत्र में संचालित तीन अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान फ्लेदादा और केंदडीह गांवों में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 500 किलोग्राम जावा महुआ भी बरामद किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर नीमडीह थाना क्षेत्र के भटीडा और केंदडीह गांवों में विशेष अभियान चलाया गया।

छापेमारी के दौरान बरामद अवैध शराब निर्माण सामग्री और जावा महुआ को झारखंड उत्पाद अधिनियम एवं अन्य प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं, अवैध चुलाई में उपयोग किए जा रहे उपकरणों को भी ध्वस्त कर दिया गया।

उत्पाद विभाग ने बताया कि अवैध चुलाई अड्डों के संचालकों और इस कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा। अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले सभी लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।