दुमका में पिता पर नाबालिग बेटी के शोषण का आरोप, दुर्गापुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

Spread the love

दुमका: एक बेहद संवेदनशील मामले में पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर की पुलिस ने सोमवार को दुमका पहुंचकर नगर थाना के सहयोग से जियो कंपनी में कार्यरत प्रबंधक मानस दास को उसके किराए के आवास से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ उसकी पत्नी ने नाबालिग बेटी के साथ यौन शोषण का मामला दर्ज कराया था, जिस पर पॉक्सो एक्ट के तहत दुर्गापुर न्यू टाउनशिप थाना में केस दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार, पीड़िता पिछले एक वर्ष से मानसिक रूप से परेशान थी और इलाज के दौरान वेल्लोर में डॉक्टरों के समक्ष उसने अपने पिता द्वारा शोषण किए जाने का खुलासा किया। बताया गया कि आरोपी बेटी पर दबाव बनाकर मामले को छुपाने की कोशिश करता था, जिससे वह गंभीर अवसाद में चली गई और उसने आत्महत्या का प्रयास भी किया। घटना के बाद दुर्गापुर पुलिस ने दुमका पहुंचकर स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया और अपने साथ ले गई।