जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के Jugsalai थाना क्षेत्र अंतर्गत मिल्लत नगर में रविवार रात रंगदारी और उधारी के विवाद को लेकर फायरिंग की घटना सामने आई है। आरोप है कि दो युवकों ने एक जनरल स्टोर संचालक से उधारी के साथ अतिरिक्त रकम की मांग की और इनकार करने पर हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की।


स्थानीय लोगों के अनुसार हबीब नगर स्थित एक दुकान पर बच्चा राज और पलटन नामक दो युवक पहुंचे और करीब पांच हजार रुपये की उधारी के साथ अतिरिक्त पैसे की मांग करने लगे। दुकानदार के इनकार करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति बिगड़ती देख दुकानदार ने अपनी सुरक्षा के लिए दुकान का शटर बंद कर लिया। इससे नाराज आरोपितों ने शटर पर लात मारकर तोड़फोड़ शुरू कर दी और आसपास के लोगों को धमकाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान दोनों युवकों ने अवैध हथियार निकालकर दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से दो खाली खोखे बरामद कर उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपितों की पहचान और घटना की पूरी जानकारी मिल सके।
थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी ने बताया कि आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मिल्लत नगर और हबीब नगर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

