आरआईटी थाना क्षेत्र से पांच गैर-जमानती वारंटी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

Spread the love

सरायकेला-खरसावां: पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर आरआईटी थाना पुलिस ने गैर-जमानती वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह कार्रवाई 23 जून 2026 को विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में आरआईटी थाना कांड संख्या 28/23 के तहत दर्ज चोरी के मामले में बंतानगर निवासी विशाल कालिंदी (26 वर्ष) शामिल है। वहीं आरआईटी थाना कांड संख्या 99/19 में दर्ज मारपीट और अन्य धाराओं के मामले में रायडीह बस्ती निवासी सिंटू कुमार (24 वर्ष) तथा रितिक कुमार (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा आरआईटी थाना कांड संख्या 34/22 में दर्ज चोरी एवं अन्य संबंधित धाराओं के मामले में रोड नंबर 13-14 निवासी नितेश कुमार (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। वहीं उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज मामले में इच्छापुर उपर टोला निवासी सोहन साहु (29 वर्ष) को भी पुलिस ने दबोच लिया।

पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून से बचने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।