पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बोंटा पंचायत मंडप के समीप सातनाला मार्ग पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिलने के कारण घायलों को टेंपो के माध्यम से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान रवि महतो (चौरा गांव), संजय लोहार (मिर्जाडीह), आकाश महतो (18 वर्ष, गोकुलनगर) और विजय लोहार (16 वर्ष, डिमना) के रूप में हुई है। सभी का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।
सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार कार चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

