गालूडीह: गालूडीह हाईवे पर गुरुवार सुबह करीब आठ फीट लंबा अजगर सांप निकल आने से राहगीरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर अचानक अजगर को रेंगते देख वाहन चालकों ने अपनी रफ्तार धीमी कर दी। कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजगर सड़क पार करते हुए किनारे की झाड़ियों की ओर जा रहा था। उसकी लंबाई करीब आठ फीट बताई गई। हाईवे पर लगातार वाहनों की आवाजाही के बीच अजगर को देखकर लोग सतर्क हो गए। कुछ वाहन चालकों ने दूर से ही अपने वाहन रोक दिए और उसके सड़क से हटने का इंतजार किया।
कुछ देर बाद अजगर सड़क किनारे स्थित झाड़ियों में चला गया, जिसके बाद हाईवे पर आवागमन सामान्य हो गया। घटना के दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के मौसम में आसपास के खेतों और झाड़ियों से सांप सुरक्षित स्थान की तलाश में सड़क और आबादी वाले इलाकों की ओर निकल आते हैं। उन्होंने लोगों से ऐसे सांपों को पकड़ने या छेड़ने के बजाय वन विभाग अथवा प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना देने की अपील की।

