धनबाद के छाताबाद में अवैध कोयला कारोबार को लेकर गैंगवार, गोलीबारी में तीन घायल

Spread the love

Dhanbad: जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत छाताबाद में बुधवार देर रात अवैध कोयला कारोबार में वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। रात करीब एक बजे हुई अंधाधुंध फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में दोनों पक्षों के तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान के पास देर रात स्कॉर्पियो सवार कुछ लोग पहुंचे और कैलूडीह मस्जिद के समीप अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दूसरे गुट ने भी जवाबी फायरिंग की, जिससे पूरा इलाका गोलियों की आवाज से गूंज उठा। अचानक हुई इस घटना से स्थानीय लोग घरों में दुबक गए और भय का माहौल बन गया।

घायलों में मो. तौसिफ, नीतीश कुमार यादव और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। तौसिफ के कंधे और नीतीश यादव की जांघ में गोली लगी है। गंभीर रूप से घायल तौसिफ को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ Ajit Kumar Vimal सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपितों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही सभी दोषियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में लंबे समय से अवैध कोयला खनन और तस्करी का कारोबार चल रहा है, जिसे लेकर आपसी वर्चस्व की लड़ाई जारी है। इसी विवाद के चलते यह गैंगवार हुई है। पिछले वर्ष भी इसी तरह की घटना में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से अवैध कोयला कारोबार और बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है और पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है।