घाटशिला: स्टंट राइडिंग और मॉडिफाइड बाइक पर पुलिस की कार्रवाई, 8 मोटरसाइकिलें जब्त; 38,500 रुपये जुर्माना वसूला

Spread the love

घाटशिला: दुर्गा पूजा के दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए घाटशिला पुलिस ने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। 18 से 22 अक्टूबर तक चले इस अभियान में स्टंट राइडिंग और मॉडिफाइड बाइक चलाने के मामलों में पांच बुलेट समेत कुल आठ मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। जांच के बाद संबंधित वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न हटवाए गए। इसके बाद सभी वाहनों का चालान कर मालिकों से कुल 38,500 रुपये जुर्माना वसूला गया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अभियान का नेतृत्व घाटशिला थाना प्रभारी भूषण कुमार ने किया।

अभियान के दौरान नवाबकोठी सहित शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहन जांच की गई। पुलिस ने बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने वालों को रोककर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने कुछ चालकों को माला पहनाकर हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने का संदेश दिया। पहली बार बिना हेलमेट पकड़े गए चालकों को चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि दोबारा नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

पुलिस के अनुसार, जब्त वाहनों में मॉडिफाइड बुलेट के अलावा आर-1 और पल्सर जैसी स्पोर्ट्स बाइक भी शामिल थीं। वाहन मालिकों को थाने बुलाकर मैकेनिक की सहायता से मोटरसाइकिलों में लगे अवैध साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न निकलवाए गए। इसके बाद नियमानुसार चालान किया गया।

पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न की बिक्री या मरम्मत करने वाले मैकेनिकों को भी इस तरह का काम नहीं करने की हिदायत दी। पुलिस का उद्देश्य तेज आवाज वाले अवैध उपकरणों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के साथ सड़क पर सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखना है।