गिरिडीह: गिरिडीह जिले के एक युवक की बिहार के नवादा मुख्य सड़क पर रविवार को सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब ब्रेक फेल होने के बाद दोनों ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर उसकी मरम्मत शुरू की थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे दूसरे ट्रक ने खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी।


मृतक की पहचान जमुआ थाना क्षेत्र के बिशनपुर निवासी संजय यादव के रूप में हुई है। वहीं, बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोटीला निवासी मुकेश यादव गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
परिजनों के अनुसार, संजय और मुकेश ट्रक में लकड़ी लादकर बिहार के नवादा गए थे। सामान उतारने के बाद दोनों गिरिडीह लौट रहे थे। इसी दौरान नवादा मुख्य सड़क पर ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। दोनों ने वाहन को किनारे खड़ा कर मरम्मत शुरू की, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद रेफर किया गया। धनबाद ले जाने के दौरान संजय की मौत हो गई। मुकेश का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में चल रहा है।
संजय अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

