गुमला में 18 वर्षीय छात्र 12 दिनों से लापता, स्कूल से छुट्टी लेने के बाद नहीं पहुंचा घर

Spread the love

गुमला: जिले के संत पैट्रिक स्कूल में पढ़ने वाला 18 वर्षीय छात्र अर्पित सुरिन पिछले 12 दिनों से लापता है। अर्पित, तुरबुंगा पंचायत के किनिरकेला निवासी एलेक्सियस सुरिन का पुत्र है और स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था।

परिजनों के अनुसार, अर्पित 7 अगस्त को स्कूल से छुट्टी लेने और घर जाने के लिए निकला था। हालांकि, वह न तो घर पहुंचा और न ही वापस स्कूल लौटा। इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

बताया गया कि अर्पित के दोस्तों ने उसके छुट्टी लेकर घर जाने की जानकारी परिवार को दी थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब छात्र का पता नहीं चला तो परिजनों ने गुमला सदर थाना में आवेदन देकर उसके लापता होने की सूचना दी और जल्द तलाश करने की गुहार लगाई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और छात्र की तलाश की जा रही है। 12 दिनों से अर्पित का कोई सुराग नहीं मिलने के कारण परिवार काफी चिंतित है और उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए है।