हजारीबाग: जिले के बरही थाना क्षेत्र स्थित करसो पुल के पास युवा व्यवसायी विक्की कुमार सोनी की गोली मारकर हत्या मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


पुलिस के अनुसार, 8 जून 2026 को विक्की कुमार सोनी अपने एक मित्र के साथ कार से कोडरमा जा रहे थे। इसी दौरान करसो पुल के समीप पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर टीम ने 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के नवादा जिले के नरदिगंज निवासी विक्रम कुमार साव (25) और गया जिले के चंदा खुर्द निवासी दिलीप कुमार (25) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और मृतक की कार बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ लूट, चोरी, मादक पदार्थ तस्करी तथा आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और हत्या के पीछे के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

