हजारीबाग: घर में हुई लाखों की चोरी का खुलासा, मुख्य आरोपी जफर अंसारी गिरफ्तार; ₹5 लाख के जेवर बरामद

Spread the love

हजारीबाग: मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 15 सितंबर की रात हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी जफर अंसारी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के अधिकांश आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद जेवरात की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है।

मामला सखिया पोस्ट-ओरिया क्षेत्र का है, जहां 15 सितंबर की रात एक परिवार के घर में अज्ञात चोर ने घुसकर सोने के आभूषण समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिए थे। घटना के बाद परिवार की शिकायत पर मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से मिले सुरागों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने उसके ठिकाने की घेराबंदी कर जफर अंसारी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, वह तुरंग, मुफस्सिल थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

पूछताछ के बाद उसके पास से करीब 29 ग्राम सोने के आभूषण और 450 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने इनकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में एक अन्य व्यक्ति मोहम्मद रिजवान अंसारी का नाम भी सामने आया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की आगे जांच में जुटी है।