कोडरमा/गिरिडीह: कोडरमा और गिरिडीह के रेल यात्रियों के लिए रेलवे से अच्छी खबर है। रेल मंत्रालय ने गया और संतरागाछी के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन चलाने को मंजूरी दी है। नई ट्रेन के शुरू होने से कोडरमा, न्यू गिरिडीह और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को कोलकाता के लिए सीधी रेल सेवा का विकल्प मिलेगा। केंद्रीय मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने इस ट्रेन के परिचालन की मांग रेल मंत्रालय के समक्ष रखी थी।


नई ट्रेन का नाम गया-संतरागाछी एक्सप्रेस रखा गया है और इसका ट्रेन नंबर 13691/13692 होगा। ट्रेन गया से रवाना होकर कोडरमा, न्यू गिरिडीह और मधुपुर होते हुए संतरागाछी पहुंचेगी। कोडरमा और न्यू गिरिडीह में ठहराव होने से दोनों क्षेत्रों के यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
ट्रेन शुरू होने के बाद कोलकाता जाने वाले यात्रियों को एक और सीधा विकल्प मिलेगा। कारोबार, पढ़ाई और इलाज के लिए कोलकाता जाने वाले लोगों के साथ-साथ हावड़ा क्षेत्र की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रेल मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद अब ट्रेन परिचालन की तैयारियां आगे बढ़ेंगी। ट्रेन किस तारीख से चलेगी और इसका समय क्या होगा, इसकी जानकारी रेलवे की ओर से जल्द जारी की जाएगी। नई रेल सेवा को लेकर क्षेत्र के लोगों ने केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और रेल मंत्रालय के प्रति आभार जताया है।

