हजारीबाग में ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण, सुरक्षा और सीसीटीवी व्यवस्था की हुई समीक्षा

Spread the love

हजारीबाग न्यूज: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त Hemant Sati ने गुरुवार को कोलघट्टी स्थित ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिसमें ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और अभिलेखों के रखरखाव की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे लगातार चालू स्थिति में रहने चाहिए और उनकी रिकॉर्डिंग का नियमित बैकअप लिया जाना चाहिए। साथ ही निरीक्षण रजिस्टर को अद्यतन रखने तथा सभी गतिविधियों का समुचित रिकॉर्ड संधारित करने पर भी जोर दिया।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि वेयरहाउस परिसर में किसी भी प्रकार की अनधिकृत प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाए। उन्होंने सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करने को कहा। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के भंडारण से संबंधित सभी प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संचालित हों।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इनमें निशार खान, ऋषि शर्मा, सुनील कुमार शर्मा, शुभम कुमार राणा, गणेश कुमार सितु और शशि कुमार सिंह शामिल थे। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण प्रक्रिया का अवलोकन किया।

इस अवसर पर भवन प्रमंडल के सिविल इंजीनियर समेत निर्वाचन विभाग के अजय कुमार, दीपक दास और अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ईवीएम वेयरहाउस की नियमित निगरानी और निरीक्षण जारी रहेगा।