सरायकेला-खरसावां: झारखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ, आदित्यपुर की पहल पर मंगलवार को आदित्यपुर थाना परिसर में एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के आग्रह पर एएसजी अस्पताल के सहयोग से लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों एवं स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई।


शिविर में एएसजी अस्पताल की मेडिकल टीम, जिसमें डॉ. फहीम काजमी, डॉ. नजीबुल हसन, डॉ. हर्ष कुमार एवं डॉ. विप्लव शामिल थे, ने लगभग 70 लोगों की आंखों की जांच की। इस दौरान विजन टेस्ट, रिफ्रैक्शन टेस्ट तथा मोतियाबिंद से संबंधित जांच की गई। जिन लोगों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई, उन्हें ऑपरेशन के लिए अस्पताल रेफर किया गया। बताया गया कि राज्य कर्मी योजना के तहत उनका ऑपरेशन नि:शुल्क किया जाएगा।
इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गम्हरिया की डॉ. सावर्णि मजमूदार एवं एएनएम नीली संगा ने शिविर में शामिल लोगों की शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच की। जांच के दौरान अधिकांश लोगों की रिपोर्ट सामान्य या नियंत्रित स्तर पर पाई गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, एसआई सुनील कुमार सिंह, एसआई सुषमा कुमारी, असलम अंसारी तथा झारखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ के अध्यक्ष रवींद्र नाथ चौबे, विजय नारायण पांडेय, सुरेश सिन्हा, संध्या प्रधान, एस.एस. मिश्रा, रणवीर कुमार सिंह, के.के. झा, भगवान झा एवं टी.वी.आर. राजू ने सक्रिय सहयोग किया।
आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।

